चायल (कौशाम्बी)। पिपरी कोतवाली में बुधवार की दोपहर विदा होकर ससुराल जा रही दुल्हन की गाड़ी रोक दो युवकों ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवकों की हरकत देख आस-पास मौजूद लोग दौड़ पड़े और आरोपी युवकों को दबोच लिया। जमकर पिटाई करने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने छेड़खानी और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया।
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती की मंगलवार की शाम बारात आई थी। घर परिवार के लोग बारात की अगवानी और द्वारपूजा की तैयारी में लगे थे।
युवती के पिता ने बताया कि इसी दौरान गांव के दो युवक घर में पहुंच गए और उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगे। बेटी की चीख सुनकर वहां पहुंचे लोगों पीटकर उन्हें भगा दिया। मगर बुधवार दोपहर जब उसकी बेटी विदा होकर ससुराल जा रही थी तो रास्ते में दोनों युवक फिर पहुंच गए और कार रोककर छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर कार में मौजूद बाराती ने घटना की जानकारी युवती के परिजनों को देने के साथ शोर मचाया। इस पर तमाम लोग वहां पहुंच गए। लोगों ने युवकों को पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेते हुए छेड़खानी और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया।