पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के ग्राम मछौली में मंगलवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई जब दो दिन से लापता युवक का शव गांव के पास एक अर्धनिर्मित मकान की छत पर फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय कुलदीप कुमार पुत्र रामध्यान उर्फ सुतुन के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बीते रविवार को घर में विवाद होने के बाद वह नाराज होकर कहीं चला गया था। परिजनों ने रिश्तेदारों सहित संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन युवक का पता नहीं चला। मंगलवार शाम ग्रामीणों ने दानपुर ग्राम प्रधान के अर्धनिर्मित मकान की छत पर कुलदीप का शव लटकता देखा तो हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में घटना की खबर पूरे गांव में फैल गई और परिजन मौके पर पहुंचकर रोने-बिलखने लगे। थाना प्रभारी हरिश तिवारी के अनुसार, संभवत: युवक ने दो दिन पहले ही फंदा लगाकर जान दे दी है।