चायल में एसडीएम को मांगों का ज्ञापन सौंपते भाकियू के सदस्य। संवाद
भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) ने मंगलवार को तहसील परिसर में बैठक की। बैठक के बाद डीएपी और गेंहू के बीज आदि समस्याओं को लेकर तीन सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि किसानों और फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो रहा। जलालपुर शाना गांव स्थित गुड़िया तालाब की जमीन पर कब्जा कर मकान निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा समितियों पर डीएपी उर्वरक की पर्याप्त मात्रा नहीं मिल रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि चायल कृषि इकाई में 940 रुपये की गेहूं की बोरी को 1060 रुपये में बेचा जा रहा है। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष गुलाम हसन, पंचमलाल, दिल कुमार, गोविंद नारायण मिश्रा, यशवंत सिंह राठौर, सुरेश पटेल, मुन्नालाल, निर्मला देवी, शांति देवी और अशोक कुमार आदि माैजूद रहे।