रसूलाबाद उर्फ कोइलहा में अवैध कब्जा हटवाते एसडीएम अरुण कुमार, स्रोत प्रशासन
तहसील के रसूलाबाद उर्फ कोइलाहा गांव में शुक्रवार को प्रशासन ने सरकारी भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की। एसडीएम अरुण कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन कराया और बुलडोजर चलवाकर अवैध कब्जों व घेराबंदी को ध्वस्त कर दिया।
हल्का लेखपाल दीपक सिंह ने बताया कि गांव के सरकारी नाले की भूमि पर कुछ लोग अवैध कब्जा कर प्लॉट काटकर बिक्री कर रहे थे। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम ने जांच के निर्देश दिए थे। जांच में नाले की भूमि पर अवैध प्लाटिंग की पुष्टि होने के बाद कार्रवाई की गई। शुक्रवार सुबह एसडीएम, लेखपाल व राजस्व कर्मियों की टीम पुलिस बल के साथ गांव पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि नाले पर कब्जे से जल निकासी बाधित हो रही थी, जिससे बरसात के दिनों में गांव में जलभराव की समस्या बढ़ जाती थी।