कल्यानपुर (ब्यूरो)। कोखराज क्षेत्र के शहजादपुर बाजार में कथितरूप से प्रतिबंधित जानवरों का गोश्त बेचे जाने को लेकर शुक्रवार को हंगामा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दबिश देकर गोश्त बरामद कर लिया जबकि बेचने आए युवक भाग निकले। पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। तनातनी के मद्देनजर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। एसओ ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है।
कोखराज एसओ ने बताया कि क्षेत्र के शहजादपुर बाजार में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे चारपहिया वाहन से दो युवक गोश्त लेकर बिक्री के लिए पहुंचे थे। गांववालों को यह गोश्त प्रतिबंधित जानवर के होने की आशंका हुई। इससे गांववाले भड़क गए। ग्रामीणों ने वाहन का घेराव करते हुए मामले की जानकारी पुलिस अफसरों को दे दी। एसपी के निर्देश पर गांव में जब पुलिस पहुंची तो गोश्त छोड़कर कारोबारी भाग निकले। पुलिस ने गोश्त बरामद करके इसे बिक्री करने आए युवकों की तलाश की।
करीब घंटे भर तक पुलिस उन्हें ढूंढती रही लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। एसओ ने बताया कि इस मामले में दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उधर, जैसे ही गांव से पुलिस हटी। बताया जाता है कि जिस व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी। उसके यहां कुछ लोग पहुंचकर मारपीट पर आमादा हो गए। उसे धमकियां दी गईं। मगर मामला बढ़ता इससे पहले दुबारा गांव में पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देखते ही लोग भाग निकले। इसे लेकर गांव में तनाव है। इसके मद्देनजर गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।