सड़क हादसों में प्रतियोगी छात्र समेत दस घायल
मंझनपुर। दोआबा में सड़क हादसों में शनिवार को प्रतियोगी छात्र समेत दस लोग घायल हो गए। सभी को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। छात्र की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
महेवाघाट निवासी राजकुमार प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। शनिवार सुबह वह प्रयागराज से घर जा रहा था। मंझनपुर के समीप पीछे से आई कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे छात्र घायल हो गया। इसी तरह म्योहर गांव निवासी राममूरत पुत्र शिवबोधन चारा लेने अपने खेत गया था। गांव के मुख्य मार्ग पर बाइक की टक्कर से घायल हो गया। ऐसे ही करारी से एक विक्रम सवारियां भरकर बेनीराम कटरा जा रहा था। पिंडरा गांव के समीप अचानक कोई मवेशी सामने आ गया। इसे बचाने के चक्कर में चालक नियंत्रण खो बैठा और विक्रम अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में उसपर सवार करारी निवासी महेश कुमार, सुरेश रैदास, पश्चिमशरीरा निवासी सुखदेव, महावां निवासी दानिश और सरायअकिल निवासी त्रिभुवन आदि घायल हो गए। वहीं मंझनपुर निवासी राहुल व नितिन किसी काम से बाइक लेकर सिराथू जा रहे थे। पतौना पुल के समीप सामने से आए बाइक सवार से इनकी भिड़ंत हो गई। उस बाइक पर शमसाबाद निवासी पीहू व अन्नू सवार थे। टक्कर होते ही दोनों बाइक पर सवार युवक गिरकर लहूलुहान हो गए। सभी घायलों को लोगों ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। छात्र की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया है।
----
मंदिर में घुसा ट्रक, कोई हताहत नहीं
फोटो नं-15
मंझनपुर। पूरामुफ्ती कोतवाली परिसर में सड़क किनारे एक मंदिर बना हुआ है। शनिवार सुबह कोहरे से एक ट्रक अनियंत्रित होकर मंदिर में जा घुसा। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रक क्षतिग्रस्त होने के साथ मंदिर की दीवारों को भी नुकसान हुआ है। पुलिस ने चालक समेत ट्रक को पकड़ लिया है। उसके खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।
----
शार्ट-सर्किट से लगी आग, हजारों का नुकसान
फोटो नं07
मंझनपुर। चायल क्षेत्र के हटवा अब्बासपुर गांव निवासी मनीष कुमार द्विवेदी अधिवक्ता हैं। शुक्रवार शाम शार्ट-सर्किट से उनके मकान में आग लग गई। देखते ही देखते पूरा घर धू-धूकर जलने लगा। धुएं का गुबार देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि इससे पहले ही कपड़ा, बर्तन, बिस्तर व अनाज सहित हजारों रुपये के गृहस्थी के सामान राख हो गए। अधिवक्ता ने जानकारी तहसील प्रशासन को दे दी है।