सिराथू तहसील के अफजल पुर सातों गांव में मंदिर के बगल में शवदाह गृह बनाए जाने के विरोध में शुक्रवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी से शवदाह गृह हटाए जाने के लिए शिकायती पत्र सौंपा। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
सिराथू तहसील के अफजल पुर सातों गांव के भागवनी, राज कली, कुमारी देवी, कैलास कुमार, बबली, सोनी, भागीरथी, अशोक निषाद, सुभाष कुमार, उमेश निषाद, धर्मेंद्र निषाद आदि लोगों का कहना है कि उनके गांव मेें बाहर गंगा घाट के किनारे एक हनुमान का मंदिर है।
जहां पर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद पूजा करने के लिए जाते है। नवरात्र में यहां पर दुर्गा की मूर्ति स्थापित की जाती है लेकिन इसके बाद भी ग्राम पंचायत द्वारा मंदिर के बगल में शवदाह गृह स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार कर दिया गया है। वहां पर शवदाह गृह का निर्माण कराना उचित नहीं है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में शवदाह स्थल में बदलाव करते हुए अन्य स्थान चयनित करने के लिए उच्चाधिकारियों को आदेशित करने की मांग की। जिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया है।