चोरी के जेवरात के साथ पकड़ा गया किशोर
करारी कस्बे में आठ सितंबर को हुई थी घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
करारी। आठ दिन पूर्व दिनदहाड़े घर में घुस कर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने किशोर को चोरी के जेवर और पांच हजार नकदी के साथ पकड़ कर चालान न्यायालय कर दिया। जहां से उसे बाल सुधार गृह प्रयागराज भेज दिया गया।
किंगनगर मोहल्ले की शबाना पत्नी अजमल आठ सितंबर को ताला बंद कर मोहल्ले में ही अपने मायके गई थी। दोपहर करीब दो बजे चोर पड़ोसी के घर से दीवार फांदकर सीढ़ी से नीचे उतरकर कमरे में घुस गए थे। संदूक में रखे लगभग डेढ़ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर व दस हजार नकदी उठा ले गए थे। शबाना की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई थी। इसी बीच रविवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 13 साल के एक किशोर को अगियौना मोड़ के पास से पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी हुए जेवर व पांच हजार रुपये मिले। पुलिस ने किशोर के खिलाफ लिखापढ़ी कर चालान किशोर न्यायालय भेजा। जहां से उसे बाल सुधार गृह प्रयागराज भेज दिया गया।