मनमानी के विरोध पर किशोरी को पीटा
शोर पर ग्रामीणों को आते देख धमकी देकर भागा आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। चरवा कोतवाली इलाके के एक गांव में शनिवार की शाम दुष्कर्म में नाकाम एक युवक ने किशोरी को छत से फेंक दिया। शोर पर परिजन और पड़ोसियों को आते देख आरोपी युवक धमकी देते हुआ भाग निकला। मामले की नामजद तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस ने किशोरी को डॉक्टरी परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया।
इलाके के एक गांव की एक किशोरी शनिवार शाम किसी काम से छत पर गई थी। इसी दौरान पड़ोस का एक युवक किशोरी की छत पर कूद गया। युवक ने किशोरी के कपड़े फाड़ डाले और दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। पीड़िता ने इसका विरोध किया। शोर मचाने पर परिजन और पड़ोसी छत की तरफ भागे। लोगों को आता देख आरोपी ने किशोरी को उठाकर बगल की छत पर फेंक दिया। इससे उसे काफी चोट आई है। इसके बाद आरोपी युवक धमकी देते हुए छत से कूदकर भाग निकला। रविवार सुबह पुलिस को तहरीर दी गई। किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया। इंस्पेक्टर संत शरण सिंह का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।