दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित भरवारी रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम एक किशोरी ने समर स्पेशल ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने जांच शुरू कर जीआरपी को सूचना दी।
करारी थाना क्षेत्र के बराई बंधवा गांव निवासी लक्ष्मी (17) भरवारी रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर टहल रही थी। इसी दौरान उसने वहां मौजूद एक युवती के मोबाइल फोन से अपने परिजनों से बातचीत की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बातचीत के कुछ देर बाद शाम करीब 6:10 बजे कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही कोलकाता समर स्पेशल ट्रेन के सामने मेन लाइन पर कूद गई।
ट्रेन की चपेट में आने से किशोरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर पहुंचे आरपीएफ कर्मियों ने जांच के दौरान युवती से जानकारी ली और उसके मोबाइल से किए गए कॉल के आधार पर परिजनों को सूचना दी, जिससे मृतका की पहचान हो सकी। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।