पश्चिमशरीरा के निबिहा मोड़ के समीप हुए हादसे के बाद घटना की जांच करती पुलिस। संवाद
पश्चिमशरीरा। कोतवाली क्षेत्र के निबिहा मोड़ के पास मंगलवार सुबह ईंट लदे ट्रैक्टर से कुचलकर बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। जबकि उसका ममेरा भाई जख्मी हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराकर सूचना पुलिस को दी गई।
क्षेत्र के कोरीपुर निवासी आशा प्रसाद ने बताया कि मंगलवार सुबह उनका 14 वर्षीय इकलौता बेटा सोनू सरोज अपने ममेरे भाई दिलीप निवासी किशुनपुर फतेहपुर के साथ कपड़े खरीदने बाइक से बाजार जा रहा था। जैसे ही वह निबिहा मोड़ के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे बाइक सवार दोनों छिटक कर सड़क पर गिर गए। ट्रैक्टर सोनू को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि दिलीप गंभीर रूप से जख्मी हो गया। राहगीरों ने उसे एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। जानकारी होने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
आशा प्रसाद ने बताया कि दिलीप के बड़े भाई की पांच जून को शादी होनी है। इसकी तैयारियां चल रही थीं। इकलौते बेटे सोनू की मौत से बहन सहित माता व पिता के ऊपर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
पश्चिमशरीरा के निबिहा मोड़ के समीप हुए हादसे के बाद घटना की जांच करती पुलिस। संवाद