बोर्ड ने लाइनमैन से फोरमैन बनने की राह को आसान कर दिया है।
- फोटो : Demo pic
पुरखास विद्युत उपकेंद्र में तकनीकी गड़बड़ी के चलते करीब 12 गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। तीन दिन से बिजली नहीं होने से ग्रामीणों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि समस्या से अवगत कराए जाने के बाद भी समाधान नहीं किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि संविदाकर्मियों के नहीं आने की वजह से दिक्कत बनी हुई है। वहीं ग्रामीणों ने धरना, प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
पुरखास विद्युत उपकेंद्र से पुरखास, उस्मानपुर, चकतिनहा, युसुफपुर, बंथरी, अकबरगंज समेत करीब 12 गांव को बिजली आपूर्ति की जाती है। तीन दिन पहले 11 हजार की लाइन में फॉल्ट आ गया। इससे बिजली सप्लाई बाधित हो गई। दो दिन से बिजली का इंतजार कर रहे ग्रामीण सोमवार को उपकेंद्र पहुंचे तो पता चला कि बड़े फॉल्ट की वजह से दिक्कत है। वहीं बताया गया कि मानदेय नहीं मिलने की वजह से संविदाकर्मी भी उपकेंद्र नहीं आ रहे हैं। जिससे फॉल्ट ठीक नहीं हो पा रहा है। ऐसे में दिक्कत बनी हुई है। क्षेत्र के विनोद अग्रहरी, कामरान अहमद, सुभाष केसरवानी, शकील अहमद, कामता साहू का कहना है कि जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं की गई तो धरना, प्रदर्शन किया जाएगा। जेई शिवबाबू निषाद का कहना है कि संविदाकर्मियों की कमी की वजह से दिक्कत है। फॉल्ट को ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है।