चरवा के सैयद सरांवा में रेल लाइन पार करते समय मंगलवार सुबह मालगाड़ी की चपेट में आए एक सहायक अध्यापक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान शाम को उनका दम टूट गया।
फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली के उदौली गांव निवासी बंशलाल (48) आदर्श ग्राम इंटर कालेज चरवा में शिक्षक थे। 10 माह पहले हिसामपुर माढ़ो गांव के संत नागा निरंकारी इंटर काॅलेज में उनका स्थानांतरण हो गया था।
तबादले के बाद भी वह पहले की तरह ही सैयदसरावां में ही कमरा लेकर रहते थे। यहीं से प्रतिदिन पैसेंजर ट्रेन से विद्यालय जाते थे। मंगलवार सुबह छह बजे वह पैसेंजर ट्रेन पकड़ने के लिए लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान कोहरे की वजह से वह सामने से आ रही मालगाड़ी को नहीं देख सके।
मालगाड़ी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना के बाद आई पुलिस ने परिजनों को जानकारी देने के साथ ही उन्हें एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में भर्ती करा दिया। जहां देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष जगदीश कुमार ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में मौके की औपचारिकताएं पूरी की गई हैं। घटना की जांच की जा रही है।
बाइक की टक्कर से जख्मी किशोरी की हालत गंभीर
कोतवाली के पिंडरा सहाबनपुर चौराहा के पर बाइक की टक्कर से एक किशोरी जख्मी हो गई। पश्चिमशरीरा के जाफरपुर महावां गांव निवासी जीनत परवीन पत्नी शमशाद ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी रहमनाज अपने ननिहाल पिंडरा सहाबनपुर गई थी।
सोमवार शाम करीब सात बजे वह कचरा फेंकने घर के बाहर गई थी। सड़क किनारे कचरा फेंकते समय प्रयागराज की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से जख्मी किशोरी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। हादसे के बाद लोगों ने बाइक चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।