मंझनपुर। बीमार बीबी को दवा दिलाने के लिए बाइक से टेढ़ीमोड़ स्थित निजी हास्पिटल गए सरैया (पिपरी) गांव के एक युवक सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार की सुबह हाईवे पर उसकी बाइक को तेज रफ्तार टवेरा ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे में उसकी पत्नी और दो साल का मासूम बेटा भी घायल हो गया। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पिपरी थाना क्षेत्र के सरैया गांव का रहने वाला जय सिंह (32) पुत्र श्यामलाल शनिवार की सुबह बीमार पत्नी मंशा देवी (30) को इलाज के लिए लेकर बाइक से कोखराज के टेढीमोड़ बाजार गया था। साथ ही उसका दो साल का बेटा अंकित भी था। दवा लेकर घर लौटते समय जैसे ही उसकी बाइक अस्पताल से हाईवे पर पहुंची। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार टवेरा ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसा देख स्थानीय लोग भागकर मौके पर पहुंचे।
गांववालों ने दुर्घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को देते हुए घायलों को मूरतगंज पीएचसी में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान जय सिंह की मौत हो गई। जबकि पत्नी और बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कर ली है। हादसे के बाद टवेरा चालक वाहन समेत भाग निकला था।