करारी में शनिवार रात शराब बरामद करने गई पुलिस टीम पर तस्करों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इससे एसओ समेत सात पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। मामले में छह नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
करारी एसओ राजेश सिंह को शनिवार रात सूचना मिली कि कस्बे के इंद्रा नगर में कच्ची शराब डंप की गई है। इस पर उन्होंने फोर्स के साथ दबिश दी। पुलिस को देखते ही शराब कारोबारी बिफर पड़े। कारोबारियों के साथ उनके घर-परिवार की महिलाओं ने पुलिस को घेर लिया और हमला कर दिया। ईंट-पत्थर लगने से एसओ राजेश, दरोगा विनोद पांडेय, आरक्षी, भूपनारायण, अरुण कुमार, हीरालाल, संतोष यादव व महिला आरक्षी राजवती आदि घायल हो गए। एसपी के निर्देश पर मंझनपुर, पश्चिमशरीरा, सरायअकिल तथा पिपरी सहित कई कोतवालियों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। उपद्रवियों को नियंत्रित किया। एसओ की तहरीर पर दिनेश पुत्र नोखेलाल, गोरेलाल पुत्र झल्लर, सुरेश पुत्र मुन्नीलाल, राजू पुत्र भइयालाल, बच्चा पुत्र बदल व मोतीलाल पुत्र पुर्रा आदि के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी दिनेश, गोरेलाल व मोतीलाल को गिरफ्तार करके जेल भी भेज दिया है।
वहीं बताया जाता है कि करारी का इंद्रा नगर शराब कारोबारियों का गढ़ बन चुका है। बताया जाता है कि मोहल्ले के तकरीबन सभी घरों में कच्ची शराब बनाकर बेची जाती है। साल भर पहले मोहल्ले में आबकारी टीम पर भी हमला किया गया था। वहीं एसपी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि शराब बरामद करने गई पुलिस टीम पर कारोबारियों ने हमला किया था। एफआईआर लिखकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही सभी को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।