Tantrik Baba's business started again
मंझनपुर। कौशाम्बी कोतवाली के सामने धर्म की आड़ में लोगों से ठगी करने वाला तांत्रिक जमानत पर छूटने के बाद फिर से सक्रिय हो गया है। बता दें कि एसपी के निर्देश पर पखवाड़े भर पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं, कोतवाली के सामने बाबा के फिर से शुरू हुए गोरखधंधे को लेकर पुलिस अभी अनजान बनी हुई है।
जिले में जगह-जगह तांत्रिक बाबाओं ने अपना जाल फैला रखा है। पखवाड़े भर पहले चायल कस्बे में एक तांत्रिक ने महिला को अमीर बनाने का झांसा देकर उसके पति व बेटे की बलि चढ़ा दी थी। इससे जिलेभर में सनसनी फैल गई थी। इस पर एसपी अभिनंदन ने जिले में तंत्र-मंत्र की आड़ में लोगों से ठगी करने वालों को चिह्नित करवाना शुरू किया। इसी क्रम में एसपी ने कौशाम्बी कोतवाली के सामने धर्म की आड़ में दुकान चला रहे बाबा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद कौशाम्बी कोतवाल ने तांत्रिक को गिरफ्तार कर उसकी दुकान बंद करवा दी और उसे जेल भेज दिया।
जमानत पर रिहा होने के बाद बाबा ने कोतवाली के सामने फिर से अपना अड्डा जमा लिया। यहां बाबा ने बड़ी चालाकी से प्रशासन को गुमराह कर एक मजार की आड़ में अपने तंत्र-ंमत्र का गोरखधंधा फिर से तेज कर दिया है। सूत्रों के अनुसार इस काम में बाबा ने कुछ स्थानीय एजेंटों को सक्रिय कर रखा है। ये एजेंट गरीबी अथवा बीमारी से परेशान लोगों को तंत्र-मंत्र से ठीक कराने का झांसा देकर वहां ले ले आते हैं और तांत्रिक उन्हें झाड़-फूंक कर उनसे मोटी रकम ऐंठता है। मामले में इंस्पेक्टर हेमराज सरोज का कहना है कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है। यदि तांत्रिक ने दोबारा गोरखधंधा शुरू किया है तो उसे बंद करा दिया जाएगा।