Tamancha factory busted, one arrested
- फोटो : KAUSHAMBI
तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) व पूरामुफ्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात काजीपुर स्थित एक बाग में छापा मारकर तमंचा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने उपकरण व पांच अधबने तमंचे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
शनिवार को सीओ चायल डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया शुक्रवार रात एसओजी प्रभारी सर्वेश सिंह व पूरामुफ्ती के उपनिरीक्षक रामसजीवन को काजीपुर गांव में तमंचा फैक्ट्री के बारे में सूचना मिली। पुलिस मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंची। महुआ बाग के पीछे खेत में एक युवक तमंचा बना रहा था। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे धर दबोचा। पकड़े गए युवक की पहचान काजीपुर गांव निवासी पप्पू पुत्र धर्मराज विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पप्पू के पास से पांच अर्धनिर्मित तमंचा बरामद हुआ है। इसके अलावा तमंचा बनाने का उपकरण भी मिले। पप्पू पूरामुफ्ती थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित चार मामले दर्ज हैं। आरोपी से पूछताछ के बाद खरीदारों पर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।