कल्यानपुर (ब्यूरो)। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर सुजातपुर स्टेशन के समीप बुधवार की दोपहर मिली लाश मीरापुर गांव के सुरेश कुमार जायसवाल (30) की है। घरवालों के मुताबिक बुधवार को वह घर से कानपुर जाने के लिए निकाला था। शाम तक उसने घर लौटने की बात कही थी। जब देर रात तक वह घर नहीं लौटा, तो परिवार के लोग उसकी खोजबीन में जुटे। इसी दौरान पता चला कि सुजातपुर रेलवे स्टेशन के समीप एक युवक की लाश बुधवार को मिली थी। अनहोनी की आशंका से भयभीत परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
वहां शव देखते ही परिवार के लोग बिलख पड़े। शव सुरेश का ही था। बता दें कि सुरेश तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। उसके दो छोटे भाई मुंबई में नौकरी करते हैं। इतना ही नहीं अभी दो साल पहले ही सुरेश की शादी भी हुई थी। मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा है। पर, परिवार के लोग यह नहीं बता पा रहे हैं कि आखिर सुरेश के साथ यह हादसा कैसे हुआ?