फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिला जेल में निरुद्ध बंदी की संदिग्ध दशा में मौत

Thu, 19 Mar 2015 12:11 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला कौशाम्बी
विज्ञापन
विज्ञापन
मंझनपुर। घर से प्रेमी के साथ फरार किशोरी की शादी कराने के आरोप में जिला जेल कौशाम्बी में निरुद्ध बादशाही मंडी (इलाहाबाद) के बंदी मोहम्मद नईम (42) की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। मंगलवार की आधी रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे जेल के अधिकारियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जेल चिकित्सक के मुताबिक फौरी तौर पर पेट में संक्रमण के कारण उसकी मौत हुई है। वहीं जेल अधीक्षक एलएन दोहरे ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। उधर, बंदी की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा है।
विज्ञापन


बता दें कि करारी इलाके की रहने वाली दसवीं क्लास की एक छात्रा को पड़ोसी गांव का एक युवक पांच फरवरी बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। किशोरी की मां के मुताबिक युवक उसकी बेटी को लेकर अपने मौसा मोहम्मद नईम निवासी बादशाही मंडी के घर ले गया था। उसी ने इन दोनों की शादी कराई।

साथ ही निकाह में गवाह भी बना था। किशोरी की मां की शिकायत पर करारी पुलिस ने मोहम्मद नईम को लड़की को अगवा कराने का सहआरोपी और नाबालिग की शादी कराने का मुल्जिम बनाते हुए उसे 23 फरवरी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। तभी से जेल में बंद नईम की मंगलवार की रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जाता है कि पेट में असहनीय दर्द होने पर वह चीखने-चिल्लाने लगा। इससे अन्य बंदियों के साथ जेल प्रशासन में हडकंप मच गया। जेल अधीक्षक एलएन दोहरे ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर रात 11.30 बजे उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान बुधवार की सुबह उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन


बंदी की तबीयत बिगड़ने पर उसका प्राथमिक उपचार करने वाले जेल के चिकित्सक डॉ. इंद्रमणि ने बताया कि बंदी के पेट में संक्रमण था। चेकअप के दौरान सूजन भी पाया गया। इसी से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था। उनका मानना है कि संभवत: इसी संक्रमण से मौत हुई है। उधर, बंदी की मौत की खबर पर अपर पुलिस अधीक्षक ओपी पांडेय के साथ सीओ सीटी पुर्णेन्दु सिंह भी अस्पताल पहुंचे। मौत की सूचना पर अस्पताल पहुंचे बंदी के ससुर और अन्य रिश्तेदारों से भी पुलिस ने पूछताछ की। उसके ससुर ने बताया कि प्रेमी युगल के निकाह का उसे जबरन गवाह बना दिया गया था। मामले में जेल अधीक्षक एलएन दोहरे ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें