Student was murdered in love affair
- फोटो : KAUSHAMBI
प्रेम प्रसंग में की गई थी छात्र की हत्या
पड़ोस के एक युवक की प्रेमिका को प्रेम जाल में फंसाने और दूसरे की बहन पर डाल रहा था डोरे
पुलिस ने किया घटना का खुलासा, दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के इस्माइलपुर कोटवा गांव में रोमी की हत्या प्रेम प्रसंग में की गई थी। उसने एक पड़ोसी की प्रेमिका को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। दूसरे की बहन पर डोरे डाल रहा था। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को जेल भेज दिया है।
इस्माइलपुर कोटवा निवासी रोमी पासी पुत्र अर्जुन बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र था। रविवार रात आठ बजे के करीब वह संदिग्ध दशा में घर से लापता हो गया था। खोजबीन के दौरान तकरीबन पांच घंटे बाद गांव के बाहर ग्राम प्रधान बबलू की अमरूद के बाग में उसकी गर्दन कटी लाश पड़ी थी। मामले में मृतक के भाई आकाश की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने रोमी का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया था। कॉल डिटेल के आधार पर गांव के ही परदुम पासी पुत्र स्व. सियंबर व रामजी पासी पुत्र रामलाल को हिरासत में लिया गया। एसपी प्रदीप गुप्ता ने मंगलवार को कार्यालय में बताया कि मौत के घाट उतारे गए रोमी ने परदुम की प्रेमिका को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। इसके बाद वह रामजी की बहन पर गलत निगाह रखता था। इसी से नाराज होकर रामजी और परदुम ने रोमी को मौत के घाट उतारने की योजना बनाई। इसके तहत घटना वाली रात बहाने से रोमी को गांव के बाहर बुलाया। वहां गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला करके उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को जेल भेज दिया है।