पिटाई के निशान दिखाता छात्र। स्रोत- परिजन
- फोटो : रायबरेली में शुक्रवार को शहर के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
संदीपनघाट कोतवाली के रसूलाबाद उर्फ कोइलहा स्थित एक विद्यालय में सप्ताह भर पहले छात्र ने पटाखा जलाया था। इससे फर्श की टाइल्स टूट गई थी। शिक्षकों ने छात्र की पिटाई कर उसे एक सप्ताह के लिए निष्कासित कर दिया था। छात्र के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पूरामुफ्ती कोतवाली के लक्ष्मीनगर राम जानकी मंदिर निवासी मूलचंद्र विश्वकर्मा के मुताबिक, उनका बेटा प्रत्यूष कुमार रसूलाबाद उर्फ कोइलहा गांव स्थित एक विद्यालय में 11वीं का छात्र है। बीते 17 अक्तूबर को कुछ विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पटाखा जलाया था। इसी बात को लेकर विद्यालय के प्रधानाचार्य और पीटी अध्यापक ने बेटे को पकड़ लिया।
आरोप है कि अगले दिन विद्यालय के हाल में छात्रों के सामने बेटे की पिटाई कर दी। जिसमें बेटे को चोट आई है। आरोप लगाया है कि प्रधानाचार्य ने बेटे से पैर पकड़वा कर माफी भी मंगवाई। उसके बाद कक्षा में फिर से पीटा गया, इससे उनका बेटा हतोत्साहित हो गया है। वह आत्महत्या और कभी स्कूल न जाने की जिद करने लगा है। वह घर में छुप-छुपकर रोता है जिससे पूरा परिवार भयभीत है। वह कभी भी आत्मघाती कदम उठा सकता है।
पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद घटना की छानबीन में जुट गई है। इस संबंध में प्रधानाचार्य का कहना है कि विद्यालय के शौचालय में छात्र ने मार्टिन क्वायल से सुतली बम लगाया था जिसके धमाका से विद्यालय की कई टाइल्स टूट और उखड़ गई है। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ है। इसलिए छात्र को एक सप्ताह के लिए बाहर कर दिया गया है। छात्र के परिजन दबाव बनाने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
संदीपन घाट थाना क्षेत्र में एक छात्र की पिटाई को लेकर जानकारी मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी। - राजेश कुमार, एसपी