छेड़खानी से आहत छात्रा ने किया खुदकुशी का प्रयास
रिपोर्ट दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, कोखराज कोतवाली क्षेत्र की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवारी। कोखराज कोतवाली इलाके में छेड़खानी से क्षुब्ध एक छात्रा ने शुक्रवार शाम आग लगाकर जान देने का प्रयास किया। उसे एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट लिखकर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कोखराज इलाके की एक लड़की हाईस्कूल की छात्रा है। शुक्रवार शाम वह खेतों की ओर गई थी। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद पड़ोसी युवक ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। शोर मचाने पर किशोरी की चाची को आते देख आरोपी कहीं भी शिकायत करने पर जानलेवा धमकी देते हुए फरार हो गया। इसी के बाद घर पहुंचकर छात्रा ने मिट्टी का तेल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर लिया। परिजनों ने आग बुझाने के बाद गंभीर अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने एसआरएन चिकित्सालय प्रयागराज रेफर कर दिया। मामले में कोखराज कोतवाल राकेश तिवारी का कहना है कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।