डेंगू की चपेट में आने से छात्र की मौत
पिपरी के आलमपुर गांव का मामला, प्रयागराज में ली अंतिम सांस
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। पिपरी इलाके के आलमपुर गांव में रहने वाले 11 वीं के एक छात्र की डेंगू की चपेट में आने से मंगलवार सुबह मौत हो गई। उसे प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
आलमपुर निवासी मुकेश कुमार साहू किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। उसका 15 वर्षीय बेटा विपिन कुमार 11 वीं का छात्र था। परिजनों की मानें तो हफ्ते भर पहले विपिन की हालत खराब हो गई। स्थानीय अस्पताल में उपचार से आराम नहीं मिलने पर परिवार वालों ने उसे प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने डेंगू की पुष्टि की। इसकी जानकारी होते ही परिवारीजनों के होश उड़ गए। मंगलवार सुबह अस्पताल में ही विपिन की सांसें थम गईं। मौत की मनहूस खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पीड़ित परिजन दहाड़े मारकर रो पड़े। पीड़ितों को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पर पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। घर वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।