क्षेत्र के अहिरन पुरवा गांव में रविवार को दसवीं के छात्र पर गांव के ही एक युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में छात्र के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी हालत नाजुक हो गई। परिजनों ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
अहिरन पुरवा गांव निवासी सचिन (16) पुत्र फूल सिंह दसवीं का छात्र है। बताया जा रहा है कि रविवार को वह गांव में ही मौजूद था। इसी दौरान गांव के जितेंद्र यादव पुत्र राम शिरोमणि यादव ने उस पर अचानक कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में सचिन के सिर पर गंभीर चोट लग गई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल छात्र को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। वहीं, दूसरी ओर, ग्रामीणों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।