सैनी में छात्रा ने खाया जहर, गई जान
सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। सैनी कोतवाली इलाके के एक गांव में मंगलवार रात प्रेमी की पिटाई से क्षुब्ध एक छात्रा ने जहर खा लिया। प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
सैनी इलाके में रहने वाली इंटरमीडिएट की एक छात्रा का पड़ोस के एक गांव में रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। इसकी जानकारी होते ही परिजनों ने दोनों के मिलने-जुलने पर पहरा लगाना शुरू कर दिया। बताया जाता है कि तमाम पाबंदियों के बावजूद मंगलवार रात प्रेमी युवक प्रेमिका से मिलने उसके गांव गया था। खेतों की ओर दोनों को परिजनों ने बातें करते हुए पकड़ लिया। इसके बाद युवक की लात-घूसों से पिटाई कर दी। इसी बात से क्षुब्ध होकर छात्रा ने घर पहुंचते ही जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर इसकी जानकारी परिवारीजनों को हुई तो उनके होश उड़ गए। आननफानन में परिवार वालों ने छात्रा को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टर ने प्रयागराज रेफर कर दिया था। वहां उसकी मौत हो गई। मामले में सैनी कोतवाल पीके सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है।