क्षेत्र के शीतलाधाम में सोमवार को एक युवक ने फंदे से लटक कर जान दे दी। हादसे के बाद परिजनों में चीखपुकार मच गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। युवक बहन की वैवाहिक कलह से तनाव में चल रहा था। इसी के चलते उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
कड़ाधाम निवासी तरुण मौर्य प्रयागराज में रेलवे में ट्रैकमैन के पद पर तैनात हैं। विकास मौर्य (26) दो भाईयों व चार बहनों में भाईयों में बड़ा था और बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र था। परिजनों ने अनुसार, विकास हर रोज की तरह सुबह उठा दिनचर्या के बाद खाना खाकर अपने कमरे में चाल गया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो मां उसे बुलाने गई।
कई बार दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद बहन को बुलाकर किसी तरह अंदर देखा गया तो विकास फंदे से लटका था। मां और बहन की चीखपुकार के बाद परिवार व पास-पड़ोस के अन्य लोग पहुंचे और कुल्हाड़ी से दरवाजा फाड़ककर शव को फंदे से उतार कर आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, विकास अपनी बहन की वैवाहिक समस्याओं को लेकर काफी समय से मानसिक तनाव में था। विकास की बहन की शादी करीब तीन वर्ष पहले फतेहपुर जनपद में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बहन लंबे समय से मायके शीतलाधाम में रह रही थी और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
परिवार का आरोप है कि बहन के ससुराल पक्ष की तरफ से युवक को फोन पर धमकियां भी दी जाती थीं, जिससे वह और अधिक परेशान रहने लगा था।
थानाध्यक्ष विनीत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर जांच कर रही है।