युवती की मौत के बाद घर पर बैठी आसपास व रिश्तेदारी की महिलाएं। संवाद
पश्चिमशरीरा के रामाधीन का पुरवा गांव में शादी से ठीक पहले एक युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना से जहां परिवार में रोना-पिटना मचा है। वहीं परिवार की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
रामाधीन का पुरवा निवासी संतोष रैदास ने बताया कि बेटी शिवानी देवी (20) की शादी महोबा जनपद के एक युवक से तय थी। 21 अप्रैल को बारात आनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदारों को निमंत्रण भी दिया जा चुका था।
शनिवार शाम शिवानी ने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। इस दौरान वह घर में अकेली थी। परिवार के लोग जब आए तो उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पिता रैदास ने बताया कि उनको जहरीला पदार्थ खाने का अंदेशा हुआ और आनन-फानन में वह बेटी को लेकर मेडिकल कॉलेज आए।
यहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने शिवानी को प्रयागराज रेफर कर दिया। परिवार के लोग उसे मंझनपुर के ओसा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शिवानी दो भाइयों और तीन बहनों में तीसरे नंबर की थी।
सीओ कौशाम्बी जनेश्वर पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल परिजन घटना के बारे में कुछ भी बताने से बच रहें।