विवाद में चलीं लाठियां, नौ घायल
शिकायत पर पुलिस ने दोनों पक्ष की तहरीर पर दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
पश्चिमशरीरा। स्थानीय बाजार में एक भूखंड पर कब्जे को लेकर सोमवार सुबह दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इससे तीन महिला समेत नौ लोग जख्मी हो गए। शिकायत पर पुलिस ने दोनो पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया।
पश्चिमशरीरा बाजार के मानिकचंद्र का कहना है कि उनके घर पर कब्जे करने की नीयत से सोमवार सुबह धीरेंद्र सिंह, वनवारी लाल, पिंटू सिंह, धीरेंद्र व पिंटू की पत्नी, हर्ष आदि ने हमला कर दिया। लाठी डंडे से किए गए हमले में उसे, लल्लन, संदीप, पदुम, कमला व दीपा का सिर फट गया। उधर धीरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक जमीन को लेकर उनका विवाद है। अदालत ने स्थगन आदेश दे रखा है। इसके बाद भी मानिकचंद्र आदि उस पर कब्जा कर रहे है। विरोध करने पर उन्होंने अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर मारपीट की। मारपीट में उसके पक्ष से भी करीब तीन लोगों को चोट आई है। पुलिस ने दोनों पक्ष की तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।