STF handed over former chief's killer Girish to Saini police
सपा नेता शिवसागर सिंह के हत्यारोपी गिरीश मिश्रा एसटीएफ प्रयागराज ने सैनी पुलिस के हवाले कर दिया। एसटीएफ ने शुक्रवार को गिरीश को मध्य प्रदेश के सिहोर जिले से गिरफ्तार किया था। गिरीश की गिरफ्तारी के लिए एक लाख का इनाम घोषित था। 18 साल से गिरीश पुलिस को चकमा देकर फरार था। रविवार को सैनी पुलिस लिखापढ़ी कर गिरीश का चालान न्यायालय भेज सकती है।
सैनी कोतवाली के शाखा गांव निवासी दिवंगत सपा नेता शिवसागर सिंह की 27 मई 2005 को सिराथू रेलवे क्रासिंग के समीप ताबड़तोड़ बम व फायरिंग कर हत्या कर दी गई थी। सपा नेता सिराथू से दो बार ब्लॉक प्रमुख व सहकारी बैंक के अध्यक्ष भी थे। घटना में दिवंगत नेता के बेटे सुघर सिंह ने गांव के ही गिरीश मिश्रा, रुद्रा मिश्रा सहित कई अज्ञात के खिलाफ हत्या व लूट का केस दर्ज कराया था।
इस मामले में बाकी के आरोपी पहले ही पकड़ कर जेल भेजे जा चुके हैं लेकिन गिरीश मिश्रा व रुद्रा मिश्रा फरार थे। गिरीश की गिरफ्तारी के लिए एक लाख का इनाम घोषित था। शुक्रवार को एसटीएफ ने गिरीश को गिरफ्तार कर लिया। मध्य प्रदेश की अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेकर शनिवार शाम एसटीएफ गिरीश मिश्रा को लेकर सैनी कोतवाली पहुंची।
यहां गिरीश को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। माना जा रहा है रविवार को पुलिस गिरीश का चालान भेजेगी। इस बाबत सैनी के प्रभारी कोतवाल गौरव द्विवेदी का कहना है गिरीश को एसटीएफ ने सुपुर्द किया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।