नेवादा। नगर पंचायत सरायअकिल में सोमवार को अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान छेड़ा गया। एसडीएम ने फोर्स के साथ कस्बे में आकर नाली और सड़क दायरे में मिले अतिक्रमण को जेसीबी लगाकर हटवाया। अतिक्रमण हटाने का यह अभियान घोसिया से लेकर फकीराबाद मोहल्ले तक चलाया गया। साथ ही सभी लोगों को अल्टीमेटम दिया गया कि सड़क और नाली दायरे में कब्जा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।
कौशाम्बी की सबसे पुरानी बाजारों में एक सरायअकिल पूरी तरह से अतिक्रमण की चपेट में है। कस्बे में आधी सड़क पटरी तक दुकानदारों का कब्जा बना हुआ है। लोगों ने नालियां भी पाटकर मकान-दूकान के सामने चबूतरा बना रखा है। इससे लोगों का वाहन समेत कस्बे से निकलना मुश्किल है।
अतिक्रमण के कारण बाजार में सुबह से शाम तक जाम की समस्या बनी रहती है। अतिक्रमण की इस समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए सोमवार को एसडीएम के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क पटरी और नाली पर कब्जा करके खड़ी की गई दीवार, चबूतरा और टिनशेड को जेसीबी से गिरा दिया गया। दिन में 11 बजे से शुरू हुआ यह अतिक्रमण हटाओ अभियान अपराह्न तीन बजे तक चलाया गया।
इस दौरान घोसिया स्थित हनुमान मंदिर से शुरू की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चावल मंडी, सब्जी मंडी, चंद्रशेखर पार्क, भगौतीगंज, बस अड्डे के साथ ही फकीराबाद बाजार तक चलाई गई। एसडीएम रजनीश मिश्र ने कब्जेदारों को दुबारा सड़क पटरी और नाली पर कब्जा नहीं करने की हिदायत दी। उन्होंने चेताया कि यदि जांच में सड़क पटरी अथवा नाली पर कब्जा मिला, तो कब्जेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उधर, अचानक चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर दिनभर कस्बे में हड़कंप मचा रहा।