निरीक्षण के लिए पहंचे एसपी को पता चला कि एक महिला कांस्टेबल अंजनी पटेल का जन्मदिन है। इसके बाद उन्होंने खुद केक मंगवाया और केक खिलाकर कांस्टेबल को बधाई दी।
एसपी हेमराज मीणा ने बुधवार को कड़ाधाम कोतवाली का निरीक्षण किया। थाने के अभिलेख व साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। इस दौरान आम जनता के लिए बनाई गई पेयजल टंकी का लोकार्पण किया। इस दौरान महिला आरक्षी अंजली पटेल का जन्मदिन होने की जानकारी होने पर एसपी ने खुद केक मंगवाया और आरक्षी को जन्मदिन की बधाई दी।
विज्ञापन
एसपी हेमराज मीणा बुधवार दोपहर कड़ाधाम कोतवाली पहुंचे। अभिलेखों के निरीक्षण के बाद उन्होंने लंबित विवेचनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया। इस दौरान एसपी ने कोतवाली के पास आम जनता के लिए बनाई गई पेयजल टंकी का उद्घाटन किया। पता चला कि देवीगंज से गड़रियापुर के बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी है। इस रास्ते में एक भी हैंडपंप नहीं होने पर कोतवाली में सार्वजनिक पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है।
इसके अलावा एसपी ने नई भर्ती में आए सिपाहियों के साथ अलग से वार्ता कर उन्हें कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के टिप्स दिए। चौकीदारों से वार्ता कर एसपी ने उन्हें पुलिस का अहम किरदार बताया। इस दौरान कोतवाली परिसर में उन्होंने पौध रोपित किया। एसपी ने गोविंदपुर में बनाए जा रहे कोतवाली भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने एक बोरी सीमेंट जांच के लिए भेजा है। इस दौरान सीओ सिराथू डॉ. केजी सिंह भी मौजूद रहे।