SP heard the problems of traders
- फोटो : KAUSHAMBI
एसपी ने कारोबारियों की समस्याएं सुनीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। पुलिस ऑफिस में सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बैठक में कारोबारियों की समस्याएं सुनीं। एसपी ने व्यापारियों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
एसपी अभिनंदन ने कहा कि कारोबारी अगर ज्यादा लेनदेन करने जा रहे हैं तो पुलिस की मदद ले सकते हैं। पुलिस उनको सुरक्षा उपलब्ध कराएगी। उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष रमेश अग्रहरि ने कहा कि पिछले दिनों सरायअकिल के एक व्यापारी के साथ करारी इलाके में लूट हुई थी। पुलिस ने बदमाश को पकड़ा और लूट की रकम बरामद करने के लिए व्यापारी से ही 20 हजार रुपये ले लिए। इसकी शिकायत पूर्व एसपी प्रदीप गुप्ता से की गई थी। मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा कारोबारियों के साथ आए दिन घटनाएं हो रही हैं और पुलिस उसका खुलासा नहीं कर रही है। एसपी ने सिराथू मोबाइल शॉप की दुकान में हुई चोरी के खुलासे का जिक्र करते हुुए बताया कि कुछ और मामले हैं, जिनका पुलिस जल्द खुलासा करेगी। एसपी ने आश्वासन दिया कि जिले के थानेदार इलाके में हर महीने कारोबारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का निदान करेंगे। बैठक में एएसपी अशोक कुमार, सीओ सदर एसएन पाठक के अलावा कारोबारी प्रवेश केसरवानी, विपिन, राजू वर्मा, अंशुल केसरवानी, विनोद केसरवानी, अजय अग्रहरि, पंकज गामा, रमन केसरवानी, नेमचंद्र अग्रहरि, मोमनीन अंसारी सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।