जिले के पशुपालकों के लिए राहत भरी खबर है। भैंसों में अच्छी नस्ल की मादा पशु बढ़ाने के उद्देश्य से जल्द ही सेक्स साॅर्टेड सीमेन की सरकारी आपूर्ति शुरू होने की संभावना है। मंजूरी मिलते ही यह सुविधा करीब 300 रुपये में उपलब्ध कराई जा सकती है, जबकि अभी निजी स्तर पर इसके लिए 1500 से 1800 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं।
अमर उजाला ने 25 जनवरी 2026 के अंक में इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद मामले ने प्रशासनिक स्तर पर गति पकड़ी। उत्तर प्रदेश पशुधन विकास परिषद के सीईओ डॉ. पीके सिंह ने कौशाम्बी में भैंसों के लिए सेक्स साॅर्टेड सीमेन की आपूर्ति शुरू करने संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजा है। उन्होंने बताया कि मंजूरी की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और स्वीकृति मिलते ही आपूर्ति प्रारंभ कर दी जाएगी।
अभी तक पशुपालन विभाग की यह योजना केवल गायों तक सीमित है। भैंसों के लिए सेक्स साॅर्टेड सीमेन की आपूर्ति प्रदेश में फिलहाल दो जिलों वाराणसी व बरेली में निदेशालय स्तर से की जा रही है। कौशाम्बी के पशुपालकों को निजी एआई वर्कर्स पर निर्भर रहना पड़ता है, जहां गुणवत्ता की गारंटी भी सुनिश्चित नहीं रहती।