छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले के दौरान शहीद हुए पूरे अयोध्या गांव निवासी सीआरपीएफ जवान चंद्रमणि यादव (30) का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह घर लाया गया। पार्थिव शरीर देखते ही परिजन बिलख पड़े। उधर सूपत के अंतिम दर्शन को जुटे ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। अंतिम यात्रा में सीआरपीएफ जवानों के साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। बता दें कि चरवा कोतवाली क्षेत्र के पूरे अयोध्या गांव का सपूत चंद्रमणि यादव सीआरपीएफ में बतौर रेडियो ऑपरेटर तैनात था। बीते शनिवार को छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके जसपुर में हुए नक्सली हमले में चंद्रमणि शहीद हो गया था। उसके सीने, गर्दन और पेट में गोलियां लगी थीं।
मंगलवार सुबह 11.20 बजे सीआरपीएफ कमांडेंट विभव पांडेय 20 सिपाहियों के साथ शहीद का पार्थिव शरीर लेकर घर पहुंचे तो वहां पूरा गांव जुट गया। मां, पत्नी साधना देवी, पिता मानसिंह, भाई पवन, राममणि और बहन सुमन का रो-रोकर बुरा हाल था। सपूत के आखिरी दीदार को जुटे हजारों लोगों की भी आंखें नम हो गईं। आंसू भरी आंखों से ग्रामीणों ने अपने सपूत को आखिरी विदा दी। शहीद का पार्थिव शरीर करीब घंटे भर तक लोगों के आखिरी दर्शन के लिए घर के बाहर ही रखा गया। इसके बाद अर्धसैनिक बल के जवानों, परिजनों, स्थानीय नेताओं ने कंधा देकर पार्थिव शरीर को अंत्येष्टि स्थल पर पहुंचाया। जहां जवानों ने अपने शस्त्र झुकाकर शहीद को अंतिम सलामी दी। इस मौके पर सांसद विनोद सोनकर, सिराथू विधायक वाचस्पति, सपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष सिंह पटेल, ब्लाक प्रमुख चायल अमित सिंह सोनू, ग्राम प्रधान गणेशदत्त प्रजापति, रजनीश पांडेय, कैलाशचंद्र केसरवानी समेत हजारों लोग मौजूद रहे।