नगर पालिका मंझनपुर, भरवारी और आसपास की नगर पंचायतों में बनाए गए सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति बदहाल होती जा रही है। शौचालय कहीं ताले में जकड़े हैं तो कहीं पानी और बिजली के अभाव में बेकार पड़े हैं। इसलिए आप इन क्षेत्रों के शौचालयों जा रहे हैं तो पानी का विशेष ध्यान दें।
नगर पंचायत अजुहा के वार्ड- दो आंबेडकर नगर में बने शौचालय में वर्षों से ताला लटका है, जिस पर जंग तक लग चुका है। स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने बताया कि निर्माण के बाद महज चार महीने ही शौचालय खुला रहा, उसके बाद से आज तक बंद पड़ा है।
वहीं, वार्ड-छह कृष्णा नगर का शौचालय पूरी तरह बदहाल है। सभासद शिवकरन के अनुसार कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। नगर पंचायत सिराथू के जयंतीपुर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बना शौचालय भी अधूरी सुविधाओं के कारण उपयोग में नहीं है। यहां पानी की टंकी, रनिंग वाटर और सीट तक की समुचित व्यवस्था नहीं है।
करारी के अंसारगंज में बना शौचालय भी शुरू से बंद है, क्योंकि टैंक का पानी बोरिंग में चला जाता है। इंद्रानगर में गंदगी का अंबार है, जबकि किंग नगर और अशोक नगर में व्यवस्था बेहतर मिली। नेता नगर में दो स्थानों पर बने शौचालयों में से एक का उपयोग महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं है।
वहीं दलित बस्ती में बना 10 सीटर शौचालय निर्माण के बाद ही क्षतिग्रस्त हो गया और आज तक उपयोग में नहीं आया। इसी तरह सरायअकिल के बरुची बाजार और पावर हाउस क्षेत्र के शौचालय भी पूरी तरह जर्जर हो गए हैं।
सार्वजनिक शौचालयों में सुविधाओं का अभाव
मंझनपुर नगर पालिका क्षेत्र के सिराथू रोड, करारी रोड और सदर कोतवाली के सामने बने अस्थायी बस अड्डे के सार्वजनिक शौचालयों में अब तक पानी और बिजली की व्यवस्था नहीं हो सकी है। मेडिकल कॉलेज के पास बने दो शौचालयों की स्थिति भी बदहाल है। एक शौचालय पर ताला लटका है, जबकि दूसरे में टूटे दरवाजे, फैली गंदगी और बिजली की सुविधा का अभाव है।
जिन क्षेत्रों के सार्वजनिक शौचालयों में पहले समस्या थी, वहां हाल ही में मरम्मत कार्य कराया गया है। यदि दोबारा किसी शौचालय में कोई समस्या सामने आती है, तो संबंधित पंचायत के कर्मचारियों को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी और आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल कराया जाएगा। - राजन चौबे, जिला परियोजना प्रबंधक
मंझनपुर कस्बा स्थित सार्वजनिक शौचालय का टूटा दरवाजा व पसरी गंदगी। संवाद
मंझनपुर कस्बा स्थित सार्वजनिक शौचालय का टूटा दरवाजा व पसरी गंदगी। संवाद
मंझनपुर कस्बा स्थित सार्वजनिक शौचालय का टूटा दरवाजा व पसरी गंदगी। संवाद
मंझनपुर कस्बा स्थित सार्वजनिक शौचालय का टूटा दरवाजा व पसरी गंदगी। संवाद
मंझनपुर कस्बा स्थित सार्वजनिक शौचालय का टूटा दरवाजा व पसरी गंदगी। संवाद