सदर तहसील के हिसामबाद गांव में शनिवार रात एक महिला को जहरीले सर्प ने डस लिया। इसके बाद परिजन झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ गए। हालत बिगड़ने पर जब तक परिजन उसे अस्पताल ले जाते महिला की मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिसामबाद गांव निवासी हनुमान मिश्रा की पत्नी अरुणा देवी (45) शनिवार की रात गृहस्थी का सामान निकालने के लिए कमरे में गईं थी। इस दौरान कमरे में जहरीले सर्प ने डस लिया। कुछ ही देर में महिला की हालत बिगड़ गई।
आननफानन परिजन उसे झाड़-फूंक के लिए स्थानीय तांत्रिक के पास ले गए। लेकिन तबीयत सुधरने की बजाय और बिगड़ गई।
इस पर परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की तो परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।