एक दिवसीय प्रशिक्षण अंतर्गत शनिवार को विकास खंड सिराथू और चायल के प्रधानों और पंचायत सचिवों को प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान उन्हें शासन द्वारा संचालित योजनाओं की किट उपलब्ध कराई गई। प्रशिक्षण के दौरान ग्राम प्रधानों और सचिवों को शौचालय निर्माण और खुले में शौचमुक्त गांव बनाने पर विशेष जोर दिया।
पंचायती राज विभाग द्वारा नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों और पंचायत सचिवों को योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस क्रम में शनिवार को सिराथू और चायल ब्लॉक के प्रधानों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने ग्राम प्रधानों और सचिवों को उनके अधिकार और कर्तव्य के बावत विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद ग्राम प्रधानों को शासन की योजनाओं से संबंधित किट उपलब्ध कराई गई।
प्रशिक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी ने विभाग से संचालित योजनाओं की पात्रता की जानकारी उपलब्ध कराई। इस मौके पर जिला परियोजना समन्वयक सुजीत शुक्ल ने ग्राम सभाओं में शौचालय निर्माण और गांवों को ओडीएफ बनाने पर विशेष जोर दिया। अंत में डीपीआरओ ने बताया कि कौशाम्बी और नेवादा ब्लॉक के प्रधानों और सचिवों का प्रशिक्षण 27 जून को होगा।