साहब! मैं जिंदा हूं, फिर मुझे मरा दिखाकर भाइयों ने वरासत करा ली पैतृक भूमि
चायल तहसील के जलालपुर भर्ती गांव का मामला, एसडीएम से शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। तहसील के लेखपाल और अधिकारियों की लापरवाही का एक मामला प्रकाश में आया है। भाई को मुर्दा दिखा पैतृक जमीन वरासत करा ली गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसडीएम से की है।
जलालपुर भर्ती निवासी गेंदलाल के मुताबिक गांव स्थित सड़क किनारे करीब डेढ़ बीघे उसकी पुश्तैनी जमीन है। कई साल पहले वह अपने हिस्से की जमीन भाइयों के हवाले कर बंगलौर दामाद के पास एक कंपनी में काम करने चला गया था। लौटने के बाद जब उसने भाइयों से अपने हिस्से की जमीन मांगी तो उसे गाली गलौज कर भगा दिया गया। करीब एक माह पहले उसने इंतेखाब निकलवाया तो पता चला कि पिता की मृत्यु के बाद जमीन उसके भाई रोशनलाल गुप्ता, श्यामलाल गुप्ता, नंदलाल गुप्ता और पंचमलाल गुप्ता के नाम कर दी गई है। आरोप है कि तत्कालीन लेखपाल से सांठगांठ कर उसे मुर्दा दिखा दिया गया। पीड़ित ने एसडीएम से शिकायत कर आरोपी राजस्वकर्मियों के साथ ही जालसाज भाइयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम योगेश कुमार गौड़ ने तहसीलदार पुष्पेंद्र गौतम से जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।