होली के कारण मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के ओपीडी में सन्नाटा पसरा रहा। सामान्य दिनों में जहां मरीजों की लंबी कतारें दिखाई देती हैं, वहीं त्योहार के चलते ज्यादातर विभागों में मरीजों की संख्या काफी कम रही।
बालरोग, दंतरोग, नेत्र विभाग, फिजिशियन विभाग, मनोरोग, हड्डी रोग और त्वचा रोग विभाग के ओपीडी को सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक खोला गया। लेकिन इन विभागों में गिने-चुने मरीज ही पहुंचे। कई काउंटर खाली नजर आए। डॉक्टरों के अनुसार त्योहार के कारण लोग छोटी-मोटी समस्याओं को लेकर अस्पताल नहीं पहुंचे। केवल गंभीर या आवश्यक मामलों में ही मरीज इलाज के लिए आए।
इमरजेंसी सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहीं। चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी ताकि किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में तत्काल उपचार मिल सके। मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि होली के बाद ओपीडी में मरीजों की संख्या फिर सामान्य हो जाएगी। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करें और आवश्यकता होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।