चायल(ब्यूरो)। कोखराज कोतवाली के कसिया पूरब गांव में स्थित धर्मस्थल की जमीन कब्जाने को लेकर तनातनी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि स्थानीय एक व्यक्ति जमीन पर कब्जा करने में लगा है। इससे आक्रोशित लोगों ने मंगलवार को तहसील दिवस में शिकायत की। एसडीएम ने हल्का लेखपाल को जांच करके दो दिन में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
कसिया पूरब गांव के रहने वाले सोहराब अहमद, समीम अहमद, गुफरान, रईस अहमद, सलीम आदि ने बताया कि गांव के समीप ही धर्मस्थल स्थित है।
इस धर्मस्थल के नाम दर्ज खाली पड़ी जमीन पर स्थानीय एक व्यक्ति इन दिनों कब्जा करने में लगा है। लोगों का कहना है कि कब्जे का विरोध करने पर कब्जेदार मारपीट पर आमादा हो जाता है। आरोप है कि इसकी शिकायत कई बार एसडीएम और इलाकाई पुलिस से भी की गई। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसे लेकर गांव के लोगों में गुस्सा है। एसडीएम जवाहर लाल श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तक यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था। मंगलवार को ही उनसे इसकी शिकायत की गई है। लेखपाल को धर्मस्थल की जमीन की पैमाइश करके दो दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है। यदि पैमाइश में धर्मस्थल की जमीन पर कब्जा मिलेगा, तो उसे खाली कराने के साथ ही कब्जेदार के खिलाफ एफआईआर भी कराई जाएगी।