धनतेरस का पावन पर्व कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। इसी दिन से पांच दिवसीय दिवाली के पर्व की शुरुआत होती है। इस वर्ष यह शुभ अवसर 18 अक्तूबर को मनाया जाएगा। पंडित ज्ञानेंद्र शास्त्री ने बताया कि मान्यता है कि यदि धनतेरस के शुभ अवसर पर अपनी राशि के अनुसार वस्तुओं की खरीदारी की जाएए तो इसका परिणाम और भी शुभ होता है।
मेष- इस राशि वालों के लिए इस दिन पीतल के बर्तन और चांदी के सिक्के या आभूषण खरीदना शुभ होता है। ऐसा करने से भगवान धन्वंतरि और माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है।
वृषभ- इस राशि के जातकों के लिए सोने और हीरे के आभूषण खरीदना बेहद शुभ माना गया है। यह खरीदारी सौभाग्य बढ़ाने के साथ लंबे समय तक आर्थिक स्थिरता भी प्रदान करती है।
मिथुन- इस राशि वाले जातक इस दिन कांसे के बर्तन या पन्ना रत्न खरीद सकते हैं। ऐसा करने से मानसिक शांति, व्यवसायिक सफलता और धनवृद्धि के योग बनते हैं।
कर्क- इस राशि के लोगों को इस दिन माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाएं खरीदनी चाहिए। प्रतिमाएं पीतल या मिट्टी की खरीद सकते हैं। यह घर में सुख, शांति और सौभाग्य लाती हैं।
सिंह- इस राशि वालों के लिए धनतेरस पर सोने का कोई आभूषण खरीदना अत्यंत शुभ होगा। इससे जीवन में रौनक बढ़ती है और लक्ष्मी कृपा स्थायी रूप से रहती है।
कन्या- इस राशि के जातकों को कांसे के बर्तन या पूजन सामग्री खरीदने की सलाह दी जाती है। इससे स्वास्थ्य में सुधार होता है और घर में शुद्धता बनी रहती है।
तुला- इस राशि वालों को इस दिन चांदी की चीजें जैसे पायल, अंगूठी, बिछिया या देवी-देवताओं की चांदी की मूर्तियां खरीदनी चाहिए। इससे दांपत्य जीवन में मधुरता और आर्थिक समृद्धि आती है।
वृश्चिक- इस राशि वाले लोग घर की उपयोगी चीजें जैसे झाड़ू, बर्तन या सजावट की वस्तुएं खरीद सकते हैं। यह क्रय कार्य घर की नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर सौभाग्य लाता है।
धनु- इस राशि के जातकों को घर सजाने का सामान, सोने के आभूषण या पीतल के बर्तन खरीदने चाहिए। इससे घर में उत्साह और संपन्नता दिखाई देगी।
मकर- इस राशि वाले इस दिन पीतल के बर्तन खरीदें। यह धातु धार्मिक रूप से पवित्र मानी जाती है और इससे घर में स्थिरता व समृद्धि आती है।
कुंभ- इस राशि के जातकों के लिए चांदी के आभूषण और तांबे के बर्तन खरीदना शुभ रहेगा। इससे स्वास्थ्य में सुधार और आर्थिक प्रगति के अवसर बढ़ते हैं।
मीन- इस राशि वाले लोग धनतेरस पर सोने-चांदी के गहने या वाहन खरीद सकते हैं। ऐसा करने से धनवृद्धि, सौभाग्य और जीवन में उन्नति के द्वार खुलते हैं।