गोलीकांड: कोटिया प्रधान, हिस्ट्रीशीटर समेत चार के खिलाफ मुकदमा
- मिट्टी खनन का विरोध करने पर युवक पर की थी फायरिंग, प्रधान को गिरफ्तार कर पुलिस ने किया चालान
फोटो- 22
संवाद न्यूज एजेंसी
नेवादा। सरायअकिल कोतवाली के कोटिया गांव में जेसीबी से मिट्टी खनन बंद कराने पर युवक को गोली मारे जाने के मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान, उसके हिस्ट्रीशीटर भाई समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना में आरोपी प्रधान को गिरफ्तार कर चालान किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
कोटिया गांव में रविवार शाम ग्राम प्रधान सुग्गीलाल उर्फ राजेश पाल अपने हिस्ट्रीशीटर भाई रामदास पाल और गांव के जितेंद्र व एक अज्ञात युवक के साथ गांव के राजू उर्फ रामबाबू की जमीन पर जेसीबी लगाकर मिट्टी का खनन करवा रहा था। जानकारी होने पर राजू ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी को बंद करवाकर खनन रुकवा दिया। इसी खुन्नस में प्रधान ने अपने भाई व सहयोगियों के साथ मिलकर राजू पर तमंचे से फायरिंग की थी। गोली राजू की कनपटी के पास लगी थी। गंभीर हालत में उसे तिल्हापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंचे एएसपी अशोक कुमार वर्मा समेत सीओ मनोज सिंह रघुवंशी पीड़ित का बयान लिया। तहरीर सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सोमवार को ग्राम प्रधान सुग्गीलाल पाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का चालान न्यायालय में भेजा गया है। सीओ ने बताया अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।