सरसवां विकास खंड के हिनौता गांव में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें शिवपुरी ने महावां को मात देकर खिताब पर कब्जा कर लिया टाॅस जीतकर महावां की टीम ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। शिवपुरी की टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 14 ओवर में आठ विकेट खोकर 166 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की तरफ से विपिन ने बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंद में 42 रन, शकील ने 18 गेंद में 31 रन और जावेद 12 गेंदों में 21 रन का योगदान दिया। जवाब में महावां की टीम 13 ओवर में ही 123 रन पर ऑलआउट हो गई। मैन ऑफ द सीरीज सत्यम यादव व मैन ऑफ मैच विपिन को चुना गया। आयोजकों ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। इस मौके पर अमित सिंह, प्रदीप सिंह, हरिमोहन सिंह, बच्चा सिंह, मेवालाल, शशि गौतम, वीरेंद्र राव, विजय सिंह, श्याम सिंह आदि क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।
अंधावा को हराकर बरुआ हंटर ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
पश्चिमशरीरा। सरसवां ब्लाॅक के पलरा गांव में आयोजित पलरा क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला बरुआ हंटर व अंधावा के बीच खेला गया। टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अंधावा की टीम 12 ओवर में 135 रन पर ही सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बरुआ हंटर टीम के कप्तान आकाश त्रिपाठी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंद पर 72 रन की मदद से एक विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह से बरुआ ने नौ विकेट से क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल के लिए टिकट पक्का कर लिया। आकाश को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर विकास त्रिपाठी, आकाश त्रिपाठी, सुमित प्रजापति प्रधान, शुभम सोनी आदि मौजूद रहे। संवाद