मनौरी अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के मामले में मंझनपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी नौशाद अली के भाई शकील अहमद के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार चार सितंबर की रात मंझनपुर थाना क्षेत्र के हंजापुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर शकील को पकड़ा गया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद होने का दावा किया गया है। मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी एफआईआर दर्ज की है।
वहीं पूछताछ में शकील ने बताया कि नौशाद समेत परिवार के लोग महमूदपुर मनौरी में अवैध रूप से पटाखे और विस्फोटक सामग्री तैयार कर उनका भंडारण करते थे। 31 अगस्त को इसी भंडारण में हुए भीषण विस्फोट में कई लोगों की जान चली गई थी और आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा था। पुलिस अब शकील के नाम की संपत्तियां और उसके बैंक खातों के साथ अन्य भूमिका की भी जांच कर रही है।