करारी (ब्यूरो)। कस्बे के अगियौना रोड और रिजवी स्कूल करारी के समीप नाला निर्माण में अंधेरगर्दी हो रही है। कस्बे के लोगों का आरोप है कि ठेकेदार मनमानी पर उतारू हैं। निर्माण कार्य में जमकर मानक की अनेदखी की जा रही है। आरोप है कि नाला के जगह पर नाली का निर्माण कराया जा रहा है। सीमेन्ट और रेती के अनुपात में गड़बड़झाला किया जा रहा है। लोगों की शिकायत पर हरकत में आए ईओ ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। इसके बावजूद भी काम कराया जा रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी से शिकायत की गई है।
नगर पंचायत करारी में तेरहवें वित्त के तहत अगियौना गांव को जाने वाली सड़क और रिजवी स्कूल के समीप 400 मीटर नाला निर्माण के प्रस्ताव को बोर्ड मंजूरी दी है। कस्बे के लोगों का कहना है कि नगर पंचायत के ठकेदारों द्वारा नाले की जगह पर नाली का निर्माण किया जा रहा है।
आरोप है कि रेती और सीमेंट के अनुपात में गड़बड़ी और घटिया ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। लोगों ने बताया कि सड़क पटरी पर नाले का निर्माण कराया जा रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि नाली की मरम्मत का भी प्रस्ताव पास करा कर नाली निर्माण करके नाला निर्माण के नाम पर खेल किया जा रहा है। लोगों की शिकायत पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। आरोप है कि ईओ की रोक के बाद भी ठेकेदार नाली का निर्माण कराने में जुटे हैं। शुक्रवार को कस्बाइयों ने जिलाधिकारी से शिकायत की। डीएम ने उपजिलाधिकारी मंझनपुर को जांच दी है।