संदीपनघाट कोतवाली के असदुल्लागंज गांव में शुक्रवार रात जहरीला पदार्थ खाने से सात सूअरों की मौत हो गई। सूअर पालक ने गांव के ही पिता-पुत्र पर सुअरबाड़े में जहरीला पदार्थ डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
असदुल्लागंज गांव निवासी मंकेश कुमार ने बताया कि वह गांव के बाहर बाड़ा बनाकर सूअर पालन का काम करता है। शुक्रवार रात वह सूअरों को चारा खिलाने के बाद वहीं सो रहा था। आरोप है कि देर रात गांव के पिता-पुत्र बाइक से वहां पहुंचे और सुअरबाड़े के अंदर जहरीला पदार्थ फेंक दिया।
मंकेश के मुताबिक आहट से उसकी नींद खुल गई। उसने दोनों आरोपियों को मौके से भागते हुए देखा। इसके बाद जब उसने सूअरों को देखा तो सात सूअर जहरीला पदार्थ खाने से मर चुके थे।
घटना की जानकारी होने पर उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने शनिवार को थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद