सिराथू पावर हाउस के कूरा उपकेंद्र क्षेत्र के मोहब्बतपुर अनेठा मौजा ऐमपुर में बिजली की तार ठीक करने के दौरान पोल गिरने से लाइनमैन घायल हो गया। इससे लाइनमैन बब्बू सरोज (30) को काफी चोटें आईं। मौके पर मौजूद सहयोगी अजय ने घायल लाइनमैन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया। जानकारी के अनुसार, बब्बू सरोज बिजली की तार में आई खराबी को ठीक करने के लिए पोल पर चढ़कर काम कर रहे थे। तभी अचानक बिजली का पोल गिर गया और वह नीचे गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। सहयोगी ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद लाइनमैन की हालत सामान्य होने पर उसे घर भेज दिया गया। घटना के बाद बिजली कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।