महिला के गले व चेहरे पर धारदार हथियार से किए थे सात गहरे जख्म
- बहन के घर रहे बेटे ने अपनी मंगेतर व उसके पिता समेत अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया हत्या का मुकदमा
- मझले बेटे ने अज्ञात कातिल के खिलाफ दी थी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। मुरादपुर गांव की सीता देवी हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। पुलिस अब तक मृतका के मझले बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का दावा कर रही थी, वहीं अब सबसे छोटे बेटे नीरज की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज किए जाने की बात कही जा रही है। नीरज ने अपने मंगेतर व उसके पिता समेत अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी गर्दन व सिर पर धारदार हथियार से वार करने के सात निशान मिले हैं। ऐसे में हत्याकांड की गुत्थी सुलझने के बजाय उलझती नजर आ रही है।
सीता देवी (45) के पति सुरेश कुमार की करीब 15 साल पहले मौत हो चुकी है। उसने अपने तीन बेटों के बीच घर और जमीन का बंटवारा कर दिया था। सबसे छोटा बेटा नीरज मृतका के साथ रहता था। नीरज अविवाहित है। उसकी मंगनी मंदर गांव की युवती से हो चुकी थी, लेकिन सीता रिश्ते के खिलाफ थी। चर्चा रही कि नीरज के घर के पास ही उसकी मंगेतर की मौसी का घर है। मौसी के यहां आने-जाने के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हुआ। दोनों ने अपने-अपने मोबाइल से एक दूसरे की अंतरंग तस्वीरें व वीडियो बनाए। पुलिस सूत्रों की मानें तो जब नीरज व युवती के बीच शादी का दबाव बना तो सीता ने तो उनकी मंगनी करा दी लेकिन बाद में विवाह से मुकर गई। इस पर युवती ने अपने मोबाइल में बनाए गए वीडियो व फोटो को वायरल करने की बात कहते हुए नीरज व उसकी मां को धमकी देते हुए बर्बाद करने की चेतावनी दी। महीने भर पहले युवती ने मामले की शिकायत भी पुलिस से की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब बदले घटनाक्रम में सोमवार रात नीरज अपनी बहन के घर जाता है और अगले दिन उसे मां की हत्या की खबर मिलती है। पुलिस सूत्रों का कहना है नीरज के भाई गोविंद जो घटना के वक्त सबसे पहले मौके पर पहुंचा उसने अज्ञात कातिलों के खिलाफ तहरीर दी थी। इसी आधार पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मुकदमा दर्ज करने का दावा किया। मंगलवार शाम को नीरज की तहरीर पर उसकी मंगेतर, मंगेतर के पिता सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसे लेकर हत्याकांड की गुत्थी अपने व पराए के बीच कातिल तलाशने में उलझ चुकी है।
-
देर शाम मृतका के बेटे ने नामजद तहरीर दी तो मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत मेें लिया गया है। घटना के खुलासे को लेकर तमाम साक्ष्य मिले हैं। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।
श्रवण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर पिपरी