राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय कौशाम्बी परिसर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से प्रेरणा कैंटीन संचालित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए इच्छुक समूहों से चार जून तक प्रस्ताव मांगे गए हैं।
इस संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ने आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के निर्देशों के अनुसार प्रदेश की महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में प्रेरणा कैंटीन संचालित कराने की योजना बनाई गई है।
इच्छुक समूह सदस्य अपने संबंधित सीएलएफ के माध्यम से चार जून तक प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकते हैं। चयन पहले आओ, पहले पाओ और कैंटीन संचालन के अनुभव के आधार पर किया जाएगा।
प्रेरणा कैंटीन से जुड़कर समूह की महिलाओं को नियमित आय का स्रोत मिलेगा। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और लखपति दीदी अभियान के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी। -दिव्यांशु सिंह, जिला मिशन एनआरएलएम प्रबंधक