विकास खंड कौशाम्बी के मकदूमपुर ढोकसहा का सेक्रेटरी जांच टीम को माह भर से गुमराह कर रहा है। कागजात के अभाव में टीम ग्रामीणों के आरोपों की जांच नहीं कर पा रही है। मामला तहसील दिवस में पहुंचा तो बीडीओ को कार्रवाई का निर्देश दिया गया। बृहस्पतिवार को बीडीओ कौशाम्बी ने सेक्रेटरी को आड़े हाथाें लिया। उन्होंने तीन दिन के भीतर दस्तावेज उपलब्ध कराने की चेतावनी दी है।
मकदूमपुर ढोकसहा ग्राम सभा में तैनात सेक्रेटरी रामजतन ने पूर्व पंचवर्षीय योजना में बड़ा गोलमाल किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सेक्रेटरी ने हैंडपंप मरम्मत, नाली, खड़ंजा निर्माण आदि में फर्जी काम दिखाकर धनराशि का बंदरबाट कर लिया। माह फरवरी में ग्रामीणों ने इसकी शिकायत डीएम अखंड प्रताप से की थी। डीएम के निर्देश पर सीडीओ ओम प्रकाश आर्य ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दिया। इसके बाद से जांच टीम सेक्रेटरी से जांच करने के लिए अभिलेख मांग रही है।
सेक्रेटरी ने हीलाहवाली करते हुए दो माह से दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया। जांच में दस्तावेज के अड़ंगे की शिकायत पिछले दिनों ग्रामीणों ने तहसील दिवस में की। इस पर एसडीएम सदर लाल जी मिश्र ने बीडीओ कौशाम्बी को निर्देशित किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ कमलेश कुमार ने बृहस्पतिवार को सेक्रेटरी को तलब किया। चेतावनी दिया कि तीन दिन के भीतर जांच टीम के सदस्यों को अभिलेख नहीं दिए तो निलंबन के लिए रिपोर्ट भेज दी जाएगी। बीडीओ के अल्टीमेटम के बाद सेक्रेटरी और ग्राम प्रधान में हड़कंप है।